बैंक खाता पीएफएमएस से लिंक कराने के लिए इंडियन पोस्टल बैंक से खाता खुलवाएं पीएम किसान के लाभार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के 4.77 लाख लाभार्थी हैं। इनमें से 71 हजार किसान ऐसे हैं जिनका बैंक खाता पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सर्विस) सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन सेवा से लिंक नही है, जिस कारण इनकी पीएम किसान किस्त अटकी पड़ी है। इसी प्रकार से 134000 किसान ऐसे हैं, जिनका ई-केवाईसी अपडेट नहीं है। जिन किसानों की ई-केवाईसी अपडेट नहीं है, उनकी भी 14वीं किस्त खाते में नहीं जाएगी।
उप निदेशक कृषि विकेश कुमार ने बताया कि 22 मई से 10 जून तक किसान संतृप्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर किसान की समस्या का समाधान कराया जा रहा है। जिन किसानों का पीएफएमएस संबंधित समस्या है, उनके ऑनलाइन पीएफएमएस बैंक स्टेटस में फाॅर्मर रिकॉर्ड हैज बीन रिजेक्टेड बाई पीएफएमएस या बैंक दिखाई देता है। ऐसे किसान कैंप में या अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस से संपर्क कर पीएम किसान के लिए पोस्ट बैंक एकाउंट खुलवा लें। इससे उनकी कि़स्त जाने लगेगी।
इसी प्रकार जिनका ई-केवाईसी नहीं दिखा रहा है, ऐसे किसान जन सेवा केंद्र के माध्यम से ई-केवाईसी अपडेट कराकर पीएम किसान की किस्त का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। ई-केवाईसी किसान स्वयं अपने एंड्राइड मोबाइल के माध्यम से भी अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल पर पीएम किसान एप डाउनलोड कर अपना और दश अन्य किसान का भी ई-केवाईसी अपडेट किया जा सकता है।