जिला बनाने के लिए धरने पर बैठे चेयरमैन
एक साल पूर्व लखनऊ तक की थी पदयात्रा, आश्वासन के बाद भी नहीं हुई कोई पहल
गांधी चौक पर 15 अगस्त तक चलेगा धरना
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। सलेमपुर को जिला बनाने की मांग फिर से जोर पकड़ ली है। एक साल पहले इस मांग को लेकर सलेमपुर से लखनऊ तक पदयात्रा करने वाले चेयरमैन व जिला बनाओ मंच के संयोजक जेेपी मद्धेशिया गुरुवार को गांधी चौक पर धरने पर बैठ गए। डिप्टी सीएम की ओर से आश्वासन मिलने के बाद भी कोई पहल नहीं होने से नाराज चेयरमैन ने 15 अगस्त तक धरने का एलान किया है।
धरने को संबोधित करते हुए चेयरमैन जेपी मद्धेशिया ने कहा कि जिला बनाने को लेकर मैं संघर्ष करता रहूंगा। एक साल पहले इसी मांग पर एक अगस्त को नंगे पांव पदयात्रा लखनऊ तक किया था। एक साल बाद भी मांगे पूरी नहीं होने पर पदयात्रा की पहली वर्ष गांठ पर फिर से आंदोलन शुरू किया है। यह आंदोलन 15 अगस्त तक चलेगा। धरना को संबोधित करते हुए डॉ. दिलीप मिश्र ने कहा कि सलेमपुर के जिला बनने के बाद ही यहां विकास हो सकेगा। हमारा आंदोलन जिला बनाने की मांग को लेकर जारी रहेगा। धरना को परमानंद प्रसाद, परमानंद भारती, अंकुर मिश्र, अजय मिश्र, संतोष ठाकुर, चंद्रभूषण सिंह, राधेश्याम पांडेय, डॉ. जितेंद्र मणि, नरेंद्र मणि परमानंद एडवोकेट आदि संबोधित किया। इस दौरान राजेश पांडेय, रमेश पांडेय, बबलू शर्मा, लाल बाबू, शेषनाथ भाई, दिलीप भारती आदि मौजूद रहे।