देवरिया। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में स्वच्छता, वृक्षारोपण, वन एवं पर्यावरण, विकास कार्य, पशुपालन और आईजीआरएस की समीक्षा की।
बैठक से जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा गया, जबकि आईटीआई प्रधानाचार्य का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। विकासखंड बैतालपुर में काम की धीमी प्रगति पर भी कार्रवाई की गई।
जिला स्वच्छता समिति की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई बेहतर करने और स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। पाैधरोपण समिति की बैठक में सभी संबंधित विभागों को पौधरोपण की जियो-टैगिंग एक सप्ताह में पूरी करने को कहा गया।
साथ ही, लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख पर जोर दिया गया। विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम ने सभी निर्माण कार्य तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। बैतालपुर के खंड विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। पंचायत भवन निर्माण में लापरवाही पर एडीओ पंचायत बैतालपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और बैतालपुर के जिला समन्वयक का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। सभी एडीओ पंचायत से कहा गया कि सीएससी की धनराशि जमा न होने की स्थिति में पंचायत सहायकों के वेतन से रिकवरी की जाएगी।
पशुपालन विभाग को पशुपालकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कहा गया। आईजीआरएस की समीक्षा में लंबित शिकायतों का समय से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।