राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर मंगलवार से तृतीय रामऔतार केडिया स्मारक राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन मैच सैफई छात्रावास की टीम ने कुशीनगर को हराकर जीत लिया। दूसरे मैच में देविरया स्टेडियम की टीम ने बलिया को हरा दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ हॉकी संघ देवरिया के अध्यक्ष संजय केडिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच कुशीनगर और सैफई छात्रावास के बीच खेला गया। सैफई छात्रावास की तरफ से अभिषेक सिंह ने सातवें, अंकित सिंह ने 15वें, विशाल वर्मा ने 17वें और सिराज अहमद ने 24वें मिनट में गोल मारकर टीम को 4-0 से विजय दिला दी। दूसरा मैच देवरिया स्टेडियम और बलिया के बीच खेला गया। देवरिया स्टेडियम की तरफ से विमल ने 22वें, एहतेशाम सिद्दीकी ने 38वें, 50वें, मोनू कुमार ने 39वें, 52वें, 58वें, विकास यादव ने 47वें मिनट में गोल मारा। बलिया की टीम की ओर से एकमात्र गोल हासिम सिद्दीकी ने 10वें मिनट में किया। मैच के निर्णायक की भूमिका में शलीम खान, कयूम खान, जावेद और विक्की रहे। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वदेव सिंह यादव, प्रधानाचार्य पीके शर्मा, प्रवीण त्रिपाठी, गिरिजेश मिश्रा, आशुतोष सिंह, मोहम्मर अकरम सिद्दीकी, मनोज कुशवाहा, शकील लारी, सेराज अहमद, जफर मंसूर, राजेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, शिवानंद नायक, अशोक मणि आदि मौजूद रहे।