युवा व्यवसायी की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल
खुखुंदू। स्थानीय गांव के भटहर मोहल्ला निवासी दवा व्यवसायी नौशाद अहमद की इलाज के दौरान मंगलवार देर शाम लखनऊ में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही बाजार समेत आसपास के क्षेत्र में मातम पसर गया। गांव के अधिकतर घरों के चूल्हे नहीं जले। बुधवार को कस्बे में दुकानदारों ने कुछ देर तक दुकानें बंद कर शोक संवेदना व्यक्त की। दवा की अधिकतर दुकानें दिनभर बंद रहीं। कस्बे के एक प्राइवेट स्कूल में भी शोक संवेदना व्यक्त कर विद्यालय बंद कर दिया गया।
भटहर मोहल्ला निवासी युवा व्यवसायी एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नौशाद अहमद की कस्बे में किराए के कमरे में दवा की दुकान है। 20 जनवरी को दुकान पर ही वह बेहोश होकर गिर गए थे। आनन-फानन उन्हें देवरिया के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डाक्टरों ने ब्रेन हेमरेज होने की बात बताई। उन्हें लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ में इलाज के दौरान मंगलवार देर शाम उनकी मौत हो गई। बुधवार भोर में शव गांव पहुंचते ही दरवाजे पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई उनके अच्छे व्यक्तित्व को याद कर भावुक हो जा रहा था। गांव के कब्रिस्तान में उन्हें मिट्टी दी गई।