राष्ट्रवाद के लिए हुई जनसंघ की स्थापना: रमापति
देवरिया। भाजपा नगर मंडल के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन नगर पालिका सभागार में सदर सांसद डॉ. रमापतिराम त्रिपाठी ने दीप प्रज्जवलन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
प्रथम सत्र में उन्होंने भाजपा के इतिहास और विकास के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। कहा कि राष्ट्र और राष्ट्रवाद के लिए जनसंघ की स्थापना की गई। उस दौरान उत्पन्न परिस्थितियों के कारण जनसंघ बाद में भाजपा के रूप में उस विचार को लेकर आगे बढ़ी। हम सभी के लिए सबसे पहले राष्ट्रवाद है। जो भी भाजपा में है, वह सबसे पहले राष्ट्र के बारे में सोचे। राष्ट्र को प्रेम करे, उसके प्रति आत्मीयता का भाव रखे। दूसरे सत्र में पूर्व महामंत्री युवा मोर्चा नवीन सिंह ने आत्मनिर्भर भारत विषय पर भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों और प्रयासों को बताया। तीसरे सत्र में विचारधारा पर प्रशिक्षार्थियों को जिलामंत्री हेमंत मिश्रा ने बताया। चतुर्थ सत्र में व्यक्तित्व विकास पर विरेंद्र सिंह ने प्रकाश डाला। पहले दिन के पांचवें और अंतिम सत्र में पिछले छह वर्ष में किए गए अन्त्योदयी कार्य को रामशंकर कुशवाहा ने बताया।
इस दौरान नगर अध्यक्ष संजय पांडेय, नगर महामंत्री दुर्गेशनाथ त्रिपाठी, पूर्व विधायक रविंद्र प्रताप मल्ल, प्रेम अग्रवाल, संजय सिंह सैथवार, अंबिकेश पांडेय, डॉ. प्रवीण निखर, अनिल गुप्ता, गोविंद मणि, दिनेश गुप्ता, संतोष मिश्रा, राधेश्याम शुक्ला, अखिलेश मिश्रा, रितावली पांडेय, लीलावती विश्वकर्मा, पवन मिश्रा, अभिजीत उपाध्याय आदि मौजूद रहे।