सभासदों ने की बैठक, बनाई रणनीति, एसपी से मिलकर सौंपा ज्ञापन
षडयंत्र के तहत सभासद को फंसाने का लगाया आरोप
ईओ व नगर पंचायत कर्मी के साथ हुई मारपीट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरी बाजार। गौरी बाजार नगर पंचायत के कार्यालय में मंगलवार को सभासद व नगर पंचायत कर्मियों के बीच हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने सभासद को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया। उधर, लामबंद सभासदों ने बैठक एसपी को पत्रक सौंपा। साथ ही नगर पंचायत कर्मचारियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की।
उपनगर के वार्ड संख्या आठ के सभासद नीतेश कुमार मद्धेशिया और नगर पंचायत कर्मियों के बीच कहासुनी के दौरान मारपीट होने लगी। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिशासी अधिकारी महेंद्र पांडेय के साथ भी मारपीट की गई। ईओ की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभासद के विरुद्ध केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभासद नीतीश कुमार मद्धेशिया की तहरीर पर केस न दर्ज होने से आहत सभासदों ने बुधवार को बैठक कर रणनीति बनाई। एसपी कार्यालय देवरिया पहुंचकर पुलिस को पत्रक देते हुए कहा कि सभासद नितेश मद्धेशिया को फर्जी ढंग से फंसाया गया है। सभासद नितेश जन समस्याओं को लेकर नगर पंचायत कार्यालय गए थे। वहां कार्यवाहक बाबू छोटेलाल विश्वकर्मा और उनका पुत्र अरविंद विश्वकर्मा, कर्मचारी पंकज सिंह पुत्र सरोज सिंह एवं अधिशासी अधिकारी महेंद्र पांडेय ने सभासद नितेश के साथ मारपीट की। पुलिस ने सभासद के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की है। उनकी तरफ से दी गई तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से सत्यम जायसवाल, आरती देवी, सुमन देवी, प्रिंस मोदनवाल, नीरज गुप्ता, गांधी प्रसाद, मुकेश कुमार आदि शामिल रहे।