फोटो समाचार......
परिवार में लगातार दो सदस्यों की मौत से परिजन बेसुध
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। दादी के ब्रह्मभोज की खरीदारी करने बाजार गया युवक नगर के 115 नंबर रेलवे क्रॉसिंग पर रेल फाटक से टकरा कर घायल हो गया था। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधवार भोर में उसकी मौत हो गई। परिवार में दादी-पोते की मौत से परिजनों की हालत खराब है। गांव स्थित छोटी गंडक नदी तट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। जहां बेटे को मुखाग्नि देने के बाद पिता फफक पड़े।
भटनी थाना क्षेत्र के मिश्रौली दीक्षित गांव निवासी गंगेश्वर दीक्षित का बेटा विद्यमान दीक्षित हाईस्कूल का छात्र था। सात जून को गंगेश्वर की माता का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। मंगलवार को ब्रह्मभोज था। सभी लोग तैयारियों में जुटे थे। विद्यमान बाजार में कुछ खरीदारी करने गया था। इसी दौरान 115 नम्बर रेलवे क्राॅसिंग पर जल्दी निकलने के चक्कर में लोहे के फाटक से उसके सिर में गम्भीर चोट लग गई। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। जहां मौत हो गई। इसकी जानकारी पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
दादा करुणाकर दीक्षित, मां, पिता, भाई आयुष्मान व बहनों का रो- रो कर बुरा हाल है। विद्यमान के मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है।