डीएम से शिकायत कर जांच करा कर कार्रवाई की मांग
पारदर्शी तरीके से चल रही टेंडर प्रक्रिया: ईओ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर पंचायत रुद्रपुर में टेंडर प्रक्रिया में धांधली के आरोप को लेकर बृहस्पतिवार को सभासदों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला। उन्होंने चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी पर टेंडर में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
नगर पंचायत में भाजपा से सभासद राजन चौधरी, अनिल पांडेय, मुकेश विश्वकर्मा, सुशील मद्धेशिया, पंकज पांडेय, अंकित मणि त्रिपाठी, श्वेता पांडेय, अनिता रावत, जयरतन चौरसिया, कुमारी देवी ने जिलाधिकारी से मिलकर बताया कि अक्तूबर में नगर पंचायत के विभिन्न वार्डो में काम कराने के लिए 81 कार्यों की निविदा निकाली गई। इसमें 26 कार्यों पर ठेकेदारों ने प्रतिस्पर्धा में कई टेंडर डाल दिए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने ठेकेदारों से मैनेज करने के प्रयास में निविदा की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। टेंडर में कुछ चहेते ठेकेदार को मैनेज कर टेंडर आवंटित कर दिया गया है। जबकि न्यूनतम दर रखने वाले ठेकेदारों की निविदा साजिश कर निरस्त कर दी गई।
दस माह से कार्य नहीं होने से नगर पंचायत के वार्डों में विकास कार्य प्रभावित है। पूर्व में स्वीकृत कार्यों को जानबूझ कर देर कर राजस्व की क्षति की गई। ऐसे में टेंडर फाइल की तकनीकी समिति बनाकर जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
इस बाबत अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया नियम के अनुसार और पारदर्शी तरीके से ही की गई है। आरोप बेबुनियाद लगाए जा रहे हैं।