-विधायक ने फीता काटकर किया स्वास्थ्य सेवा का शुभारंभ संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पथरदेवा ब्लाॅक के विशुनपुर बाजार स्थित न्यू पीएचसी पर सामान्य ओपीडी बृहस्पतिवार से शुरू हुई। रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने फीता काटकर स्वास्थ्य सेवा का शुभारंभ किया। ओपीडी में पहले दिन 25 मरीजों का इलाज किया गया।
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के साथ मरीजों को निशुल्क दवाएं भी दी जा रही हैं। जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती के लिए प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों में चार बेड का अस्पताल बनने से ग्रामीण क्षेत्र को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया जाएगा। धीरे-धीरे टीकाकरण, मातृ शिशु कल्याण, पैथोलाॅजी सहित सभी जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात रंजन, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल, सीएचओ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद