संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले की सभी नगर पंचायतों में प्रत्याशियों को मतदान प्रतिशत बढ़ाने में कई दांव-पेच आजमाए। सबसे अधिक मतदान प्रतिशत उन जगहों पर बढ़ा, जहां पर सभासद पद के प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर रही। इसके लिए प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं के आवभगत में भी लगे रहे।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रत्याशी और उनके समर्थक सोशल मीडिया से लगायत वाहन भिजवाने तक का काम किए। उनको भरोसा है कि अगर मतदान प्रतिशत उनके दम पर बढ़ा तो इसका सीधा फायदा उन्हें होगा। उनके वोटों में इजाफा होगा और चुनावी वैतरणी पार करने में आसानी भी होगी। इसके चलते जिन जगहों पर प्रत्याशी सक्रिय रहे वहां लंबी लाइनें भी लगी हुई थीं। बृहस्पतिवार की सुबह से ही समर्थक और प्रत्याशी फेसबुक, वाट्सप और खुद ही फोन कर सक्रिय हो गए थे। अपने एजेंटों को मतदान बढ़ाने के लिए सहेजते रहे। कुछ प्रत्याशी ई-रिक्शा और बाइक के सहारे भी मतदाताओं को बूथों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। इतना ही नहीं कई जगहों पर चारपहिया वाहनों का भी उपयोग किया गया।