बीएलओ को ठहराया दोषी, वोट प्रतिशत नहीं बढ़ने में बताया कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। नगर पंचायत बरियारपुर में लगभग सभी मतदान केंद्रों पर वोटर लिस्ट से नाम कटने से करीब 272 मतदाता मत का प्रयोग नहीं कर पाए। इससे वे नाराज होकर बीएलओ को कोसते हुए घर लौट गए। लोगों ने वोटर लिस्ट से नाम कटने पर वोट प्रतिशत नहीं बढ़ने का कारण बताया।
बरियार वार्ड नंबर दो चौकियां के सभासद प्रत्याशी पूनम देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति रमेश प्रजापति का नाम जानबूझ कर काटा गया है। यहीं के रमेश यादव ने कहा कि मेरे पिता सुरेश यादव का नाम काट दिया गया। शिक्षक शारदा यादव भी नाम कटने से वोट देने से वंचित रह गए। मतदान केंद्र सात महदेईया में नाम कटने से 20 से अधिक मतदाता आक्रोशित दिखे। उन्होंने बीएलओ और एक प्रत्याशी पर जानबूझकर नाम कटवाने का आरोप लगाया। वही मतदान केंद्र दो कुलकुला स्थान पर 55, भड़सरा मतदान केंद्र पर 50, रघुनाथपुर मतदान केंद्र पर 30, वनरहा में 20, बड़हरा बाबू में 15, साहू टोला में 12, बरियारपुर खास में 50, पकड़ियार में 20 लोग वोट देने वंचित रह गए। इन लोगों ने आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।