रुद्रपुर। उपनगर के बस स्टेशन के ट्रांसफॉर्मर से जुड़े उपभोक्ताओं के यहां शुक्रवार की रात बिजली गायब रही। नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार की सुबह पॉवर हाउस पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
विद्युत कर्मचारियों के तार जोड़ने पर उपभोक्ता शांत हुए। इस दौरान पॉवर हाउस पर लोगों की समस्या सुनने के लिए विभाग का कोई भी जिम्मेदारी नहीं मौजूद था। नगर के बस स्टेशन से पुराना चौक को जाने वाली बिजली के तार और पोल जर्जर हो चुके हैं। यहां अक्सर जर्जर तार टूटकर गिर जाते हैं।
इससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाती है। शुक्रवार की शाम ट्रांसफार्मर में दिक्कत आ गई। कुछ देर बाद जर्जर तार भी टूट कर गिर गया। जिससे मस्जिद वार्ड, पूर्वी तिवारी टोला, शिवाला वार्ड, आजाद नगर और पुराने चौक के इलाके में बिजली गायब रही। गर्मी में बिजली नहीं मिलने के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साएं लोग पॉवर हाउस पर पहुंच गए।
उपभोक्ताओं ने कहा कि कई बार विभाग के जिम्मेदारों को पत्र देकर जर्जर पोल और तार बदलने की मांग की जा चुकी है। विभाग लोगों की समस्याओं को लेकर लापरवाह बना है।
पॉवर हाउस पर लोगों की शिकायत सुनने के लिए जेई और एसडीओ नहीं मिल रहे। उन्होंने पॉवर हाउस की लचर व्यवस्था की शिकायत अधीक्षण अभियंता से करने को कहा। पॉवर हाउस पर नारेबाजी करने वालों में निखिल गुप्ता, राधेश्याम गांधी, रामानंद, मुुरारी वर्मा, अंकित कसौधन, पिंटू वर्मा, गौतम वर्मा, गोलू मद्धेशिया, बबलू मद्धेशिया, शहादत अली, दीपू, मनोज विकास, राहुल भोला वर्मा आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में एसडीओ एके पाल ने कहा कि कर्मचारियों को ट्रांसफॉर्मर बदलने और तार दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। अवर अभियंता के चार्ज नहीं लेने से दिक्कतें आ रही है। शीघ्र ही समाधान हो जाएगा।