संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/सलेमपुर। सलेमपुर की महिला ब्लाक प्रमुख के शराब दुकान का 2.61 करोड़ रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थोक शराब विक्रेता के मैनेजर ने अनुज्ञापी को व्यस्त बताते हुए उनकी दो दुकानों के संचालन की जिम्मेदारी ली थी। शराब का भुगतान करने को अनुज्ञापी से चेक पर हस्ताक्षर करा लिया था, लेकिन दोनों दुकानों का माल बेचने के बाद भी भुगतान नहीं किया। भुगतान नहीं करने की जानकारी पर जालसाजी का खुलासा हुआ।
सलेमपुर के वार्ड संख्या नौ निवासी सीमा सिंह पत्नी अमरेश सिंह ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दिया कि उनके नाम से मझौलीराज व सिकटियां में फुटकर अंग्रेजी शराब की दो दुकानें हैं। उनके दुकान पर सोनूघाट स्थित थोक विक्रेता के यहां से शराब जाती है।
वह ब्लाक प्रमुख तथा उनके पति राजनीतिक व्यक्ति हैं, जिससे व्यस्तता अधिक रहती है। थोक फर्म का मैनेजर शहर के रामगुलाम टोला निवासी अजय तिवारी भुगतान लेने आते थे। मझौलीराज दुकान पर 60.51 लाख तथा सिकटिया की दुकान पर 2 करोड़ 84 हजार रुपये शराब का बकाया था। सदर कोतवाली पुलिस ने चार पर जालसाजी का केस दर्ज किया है।