रोडवेज 17 परिचालकों से ईटीएम का पूरा दाम वसूलेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से इन सभी परिचालकों को नोटिस दिया गया है। नोटिस मिलने के बाद परिचालकों और रोडवेज कर्मचारियों में गुस्सा है। परिवहन निगम ने विभाग में इलेक्ट्रानिक टिकट के लिए एक फर्म को ठेका दिया है। ठेका पाने वाले कंपनी ने तीन साल की वारंटी पर मशीन उपलब्ध कराई है। इसकी मियादजनवरी 2016 में पूरी हो रही है। इससे पहले ही तमाम मशीनें खराब हो रही हैं। मुख्यालय के निर्देश के बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसएन पाठक ने उन 17 परिचालकों को नोटिस दिया है जिनकी ईटीएम खराब हो गई हैं।नोटिस मिलने के बाद परिचालकों और कर्मचारियों में गुस्सा है। एक कर्मचारी संगठन ने क्षेत्रीय प्रबंधक गोरखपुर को पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराया और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से वार्ता की। इसके बाद से एआरएम ने बीच का रास्ता निकालने का आश्वासन दिया है।