दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में हो रही है परेशानी
भाटपार रानी। नगर से पकड़ी बाबू मोड़, भटनी भरथुआ होकर जिला और मंडल मुख्यालय तक जाने वाली रोडवेज की बस करीब छह माह से बंद पड़ी हैं। इससे इस रूट पर पड़ने वाले दर्जनों गांवों के बस यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्हें कई किलोमीटर दूरी तय कर ट्रेन पकड़ने जाना पड़ रहा है।
बता दें कि वर्षों से भाटपार रानी, पकड़ी बाबू मोड़, सवरेजी, भटनी,भरथुआ होकर चलने वाली रोडवेज की यह बस सुबह 6:00 बजे भाटपार रानी से चलती थी। यह देवरिया 10 बजे और मंडल मुख्यालय 12 बजे तक पहुंच जाती थी। इससे लोगों को जिला और मंडल पर अपने काम निपटाने में काफी सहूलियत होती थी। यही बस 2 बजे अपराह्न गोरखपुर से चलती थी और सायंकाल 6 बजे तक भाटपार रानी पहुंच जाती थी। यह बस कुंभ मेला मेला प्रयागराज आरंभ होने से एक माह पहले बंद कर दी गई। परंतु अब तक पुनः आरंभ नहीं हुई है।
बस बंद होने से ग्राम जसूई ,पकड़ी बाबू, पिपरहिया मालीबारी, बड़कागांव, शंभू बनकटा, केहूनिया, खैराट, सवरेजी, फुलवरिया, नोनापार, चंदौली, भरहेचौरा कुर्मौटा, बेहरा डाबर, कौलाडाबर आदि गांव के बस यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस रूट पर चलने वाली एकमात्र इस बस के बंद होने से ग्राम प्रधानप्रतिनिधि प्रमोद सिंह, राधा यादव, शंभू नाथ यादव, गुड्डू तिवारी, दिनेश यादव, जगदीश तिवारी, दिनेश तिवारी, विद्यासागर आदि ने बताया कि बस बंद होने से ट्रेन का सहारा लेने कई किलोमीटर दूर जा रहे हैं। पहले हम लोग दरवाजे पर ही बस पकड़ लेते थे और पुनः दरवाजे पर आकर उतर जाया करते थे। उन्होंने रोडवेज प्रशासन से इस रूट पर पुनः इस बस को चलाए जाने की मांग की है।