- अस्पताल गेट से साहू टोले तक जा रहा है उक्त मार्ग
- मार्ग के दोनों तरफ का दीवार ढहा, नाली भी ध्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/ बैतालपुर। नगर पंचायत बैतालपुर के वार्ड संख्या-10 में अस्पताल गेट के सामने से प्राथमिक विद्यालय मार्ग तक 280 मीटर नवनिर्मित इंटर लाॅकिंग सड़क टूट गई है। यही नहीं इंटर लाॅकिंग के साथ ही निर्मित नाली भी निर्माण के कुछ ही दिन बाद ध्वस्त हो गया। इसके चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण में काफी घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। इससे सड़क का कुछ ही दिन बाद खस्ताहाल हो गया। इस सड़क का निर्माण पुन: नए सिरे से कराया जाए। महज एक वर्ष पूर्व नगर पंचायत गठन कर चुनाव कराया गया। जहां सरकार की ट्रिपल इंजन को मौका मिला। नगर निकाय क्षेत्र के गठन के बाद विकास की टक-टकी लगाए बैठी वार्ड-10 की जनता को यह पहला उपहार मिला। जो अस्पताल गेट के सामने से प्राथमिक विद्यालय मार्ग तक 280 मीटर की सड़क के निर्माण की लागत लगभग 27 लाख है।
सड़क के दोनों तरफ दीवार चलाकर इंटर लाॅकिंग के साथ नाली निर्माण का कार्य को कराया गया। जो निर्माण के महज चार माह बाद ही अपना अस्तित्व खो दिया। सड़क के किनारे बनी नाली निर्माण का हाल यह है कि जैसे दशकों पूर्व से यह टूटा है। सड़क के चलाया गया दीवार तो पुरी तरह गिर चुका है। इसी के कारण इंटर लाॅकिंग ईंट की भी जगह-जगह फैल चुके हैं। इससे इस सड़क पर कोई वाहन लेकर चलना भी लोगों को जेहन में खतरे की घंटी बजा रही है।
नगर पंचायत बैतालपुर के अधिशासी अधिकारी अमिताभ मणि ने बताया कि इसकी शिकायत मिली है, ठेकेदार को पुन: निर्माण के लिए नोटिस दे दी गई है। अभी इस मद में पूर्ण भुगतान नहीं हुआ है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता प्रकाश ने बताया कि निर्माण के समय ही लोगों ने घटिया सामग्री लगाने के आरोप पर मैं मौके पर गई थी। चेतावनी के बाद भी ठेकेदार के इस तरह के कार्य विकास को बाधित होगा।
-
क्या कहते हैं लोग
वार्ड निवासी चिराग कहते हैं कि इस सड़क पर कार्य शुरू होते ही घटिया सामग्री का प्रयोग किया जाने लगा था। जिस पर वार्ड के निवासियों संग सभासद से ठेकेदार की भिड़ंत हो गई। इसके बाद भी राजनीतिक दबाव में इस सड़क का निर्माण यथास्थिति में कराया गया। अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से यह सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।
क्या कहते हैं सभासद
वार्ड संख्या 10 के सभासद बद्रीनाथ गुप्ता कहते हैं कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में चार माह पूर्व कराए गए सभी कार्यों की निष्पक्षता से जांच हो तो धन के बंदर बांट का खुलासा सामने होगा। इस मार्ग के निर्माण के समय घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर मेरे द्वारा विरोध किया गया। पर मेरे विरोध को दरकिनार कर विपरीत कार्य कराया गया।