खुखुंदू। स्थानीय कस्बे में शिवाजी इंटर कॉलेज के पास आरसीसी निर्माण कार्य शुरू कर फिर तुरंत बंद कर दिया गया था। बमुश्किल से पांच मीटर तक बनी सड़क पर जगह-जगह सड़क के बीचोंबीच खुला सरिया वैसे ही छोड़ दिया गया। जिससे आएदिन दो-चार राहगीर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे। हालांकि बृहस्पतिवार से फिर से आरसीसी निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जिससे राहगीरों को काफी राहत मिलेगी। इससे पहले पैदल राहगीरों का भी पैर सरिया में फंस जा रहा था। इसके अलावा धूल उड़ने से दुकानदारों का दम भी घुट रहा था। अब लोगों को राहत मिलेगी।
खुखुंदू-नूनखार से भटनी तक की 13.2 किमी सड़क का चौड़ीकरण 24.93 करोड़ रुपये में होना है। इससे पहले बरसात में ठेकेदार ने पहले कस्बे की सड़क पर गढ्ढा खोदकर काफी लंबे समय तक वैसे ही छोड़ दिया था। जिससे आएदिन राहगीर और ई-रिक्शा गढ्ढों में पलट जाते थे। फिर व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी तो आनन-फानन में गढ्ढों को भरवाया गया। उसके बाद कस्बे में आरसीसी निर्माण कार्य कराने के लिए सड़क तोड़कर कच्चा निर्माण करा लंबे समय से फिर वैसे ही छोड़ दिया गया था। जब धूल उड़ने से दुकानदारों का दम घुटने लगा है तो वह फिर लामबंद हुए हैं। इसके बाद एक सप्ताह पहले ठेकेदार ने कच्चे निर्माण पर आरसीसी ढलाई का कार्य शुरू कराया।
हालांकि करीब पांच मीटर टेढ़ी-मेढ़ी सड़क की ढलाई कर फिर काम बंद कर दिया गया। सबसे खास बात यह है कि ढलाई में बीच सड़क पर ही सरिया निकाल वैसे ही नंगा छोड़ दिया गया था। जिससे आए दिन स्कूली बच्चे और राहगीर गिरकर घायल हो रहे थे। बताते चलें कि शिवाजी इंटर कॉलेज के पास ही सड़क की ढलाई शुरू कर छोड़ी गई थी। बृहस्पतिवार से आरसीसी निर्माण कार्य शुरू होने से बाजार वासियों और राहगीरों में खुशी है।