रिटायर्ड दरोगा की बिहार में गोली मारकर हत्या, बोलेरो लूटकर फरार हुए अपराधी
सलेमपुर (देवरिया)। कोतवाली क्षेत्र के सोहनाग तिलौली गांव निवासी रिटायर्ड आरपीएफ के दरोगा को बिहार में गुठनी थाना क्षेत्र में मैरवा मार्ग पर स्कॉर्पियो सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और बोलेरो लेकर फरार हो गए। वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज बिहार के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बिहार पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बिहार पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे ने गुठनी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की हैं।
कोतवाली क्षेत्र के सोहनाग तिलौली गांव निवासी गोरख प्रसाद (76) आरपीएफ के दरोगा पद से सेवानिवृत्त थे। रविवार शाम घर से अपने बेटे के ससुराल बिहार में नौतन थाना क्षेत्र के अगौता गांव के लिए निकले। वहां से भोजन करने के बाद देर रात करीब 10 बजे वापस घर लौट रहे थे। मैरवा-गुठनी मेन रोड पर गुठनी थाना क्षेत्र के भठई गांव के समीप पहुंचे थे कि उनकी बोलेरो को एक स्कॉर्पियो में सवार अज्ञात बदमाश ओवरटेक करने लगे। वाहन को आगे कर सड़क के बीचों बीच खड़ा कर दिया। बोलेरो के चालक लार थाना क्षेत्र के निपिनिया गांव निवासी मिथिलेश पांडेय के मुताबिक बदमाश बोलेरो लूटने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान अपनी गाड़ी को लूटते देख गोरख प्रसाद ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने गोली मार दी। बीच बचाव करने में चालक भी चोटिल हो गया। गोली लगने से गोरख प्रसाद घायल हो गए। इसके बाद अपराधी बोलेरो लेकर फरार हो गए। कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि मामला बिहार का है। यहां किसी ने तहरीर नहीं दी है। वहीं गुठनी थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
दरोगा का बोलेरो भवानी छापर से बरामद
खामपार थाना के बिहार सीमा पर स्थित भवानी छापर के पास सोमवार को लावारिस हालत में चार पहिया वाहन मिला। उस पर खून के छींटे पड़े थे। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना खामपार थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह को दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर लावारिस हालत में पड़े वाहन को बरामद कर लिया।
उधर, गुठनी पुलिस ने भी जब अपने सूत्रों से बोलेरो की तलाश करते हुए वहां पहुंचे और खून के धब्बे देख नंबर का मिलान किया तो पता चला कि बोलेरो गोरख प्रसाद की है। एसएचओ गुठनी मनोज कुमार ने बताया कि लूटी गई बोलेरो के नंबर से मिलान करने और खून के छींटे देखने से स्पष्ट है कि हत्या कर लूटी गई चारपहिया वाहन यही है। उसे अपने कब्जे में लेने की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस कांबिंग कर रही है। अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।