उग्रसेन सेतु पर मरम्मत कार्य करते श्रमिक।
बरहज/कपरवार। राप्ती नदी पर बने उग्रसेन सेतु से गुजरने वाले लोगों को अभी करीब 15 दिन और परेशानी उठानी पड़ सकती है। पुल पर बने बड़े होल की मरम्मत के लिए शनिवार से क्षतिग्रस्त हिस्से की तोड़ाई शुरू करा दी गई।
इस दौरान भारी वाहनों के साथ कार और टेंपो का आवागमन भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है। बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को सावधानी के साथ आने-जाने की छूट दी गई है।
तीन दिन पहले पुल पर करीब पांच मीटर परिधि में बड़ा होल होने से आवागमन प्रभावित हो गया था। सूचना पर एनएच 227ए की टीम और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंची थे। एहतियातन बड़े वाहनों का रूट डायवर्ट कर रुद्रपुर-एकौना के रास्ते बड़हलगंज भेजा जा रहा है।
शनिवार को लखनऊ से आई टेक्निकल टीम ने मन्नू श्रीवास्तव की देखरेख में मशीनों से क्षतिग्रस्त हिस्से की तोड़ाई शुरू कराई। खराब मौसम के चलते कर्मचारियों को तिरपाल लगाकर काम करना पड़ा।
मौसम की वजह से मरम्मत कार्य दो दिन की देरी से शुरू हो सका। चार माह पहले भी पुल के पश्चिमी छोर पर बड़ा होल हो गया था। तब करीब डेढ़ महीने तक आवागमन बाधित रहा था।