बरहज। सावन माह के पहले दिन बृहस्पतिवार को बाबा महेंद्रानाथ और दुग्धेश्वरनाथ को जलाभिषेक के लिए सरयू का पवित्र जल भरने के लिए कांवड़ियों का जत्था बुधवार की शाम से बरहज के सरयू तट पर पहुंचने लगा है। सरयू के जलस्तर में उफान को प्रशासन ने नदी के किनारे बैरिकेडिंग कराई है, उस पर लाला झंडी भी लगाई गई है। बैरिकेडिंग के उस पार कांवड़ियों के जाने पर रोक लगा दी गई है। स्टीमर और गोताखोर भी तैनात किए गए हैं, ताकि कोई घटना होने पर इनकी तत्काल मदद ली जा सके।
कांवड़ियों की जुटने वाली भीड़ को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन की ओर से नदी तट को चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
सरयू तट पर शाम से पवित्र जल भरने सिलसिला शुरू हो गया है। कांवड़ियों की सहूलियत के लिए सरयू तट पर स्वच्छता प्रहरियों की टीम लगाई गई है।। देवरिया शहर के सोमनाथ, महेन के बाबा महेंद्रानाथ और रुद्रपुर के दुग्धेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए थाना घाट पर शाम से कांवड़ियों का जत्था जुटने लगा। इससे नगर की रौनक बढ़ गई है।
नगर पालिका की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल और ईओ निरूपमा प्रताप के नेतृत्व में स्वच्छता प्रभारी लाल मोहन जायसवाल, सफाई नायक सुनील प्रसाद स्वच्छता प्रहरियों के साथ सरयू तट पर साफ-सफाई पर नजर रखे हुए थे। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि सुरक्षा इंतजाम के दृष्टिकोण से मोटर बोट और गोताखोरों को तैयार रखा गया है।