रुद्रपुर। सपा-कांग्रेस के गठबंधन का खेल रुद्रपुर में बिगड़ने लगा है। सपा के पूर्व विधायकों ने बागी तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। भाजपा में भी भितरघात के आसार हैं। भाजपा के एक दावेदार ने तो बगावत कर निर्दल चुनाव लड़ने की बात कही है।
शनिवार को सपा के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह ने आवास पर समर्थकों की बैठक की। उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान किया। खोखा सिंह ने कहा कि रुद्रपुर सपा का गढ़ है। सपा कार्यकर्ता पार्टी का प्रत्याशी घोषित नहीं होने से निराश हैं। कार्यकर्ताओं के समर्थन से वह मुलायम सिंह का सम्मान बचाने के लिए मैदान में उतरे हैं। पूर्व विधायक ने समर्थकों के साथ नगर में घूमकर लोगों से समर्थन मांगा।
समर्थकों ने मुलायम सिंह के सम्मान में खोखा सिंह मैदान में नारा लगाया। सपा के एक और पूर्व विधायक मुक्तिनाथ यादव के चुनाव लड़ने की चर्चा है। उन्होंने रविवार को पकड़ी बाजार में समर्थकों की बैठक बुलाई है। सपा के दो पूर्व विधायकों के बागी तेवर को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा के प्रत्याशी जयप्रकाश के खिलाफ उनकी ही पार्टी में भितरघात की आशंका जताई जा रही है। टिकट कटने से नाराज एक दावेदार ने निर्दल चुनाव लड़ने की बात कही है।
भाजपा नेता अनिल पांडेय ने प्रत्याशी का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर से लगातार चुनाव हार रहे प्रत्याशी को टिकट देकर भाजपा ने खुद कब्र खोद ली है।