दो किशोरियों का अपहरण कर दुष्कर्म
देवरिया। दो किशोरियों का अपहरण कर एक युवक और दो किशोरों ने उन्हें तीन जगहों पर रखा और उनके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने दोनों किशोरियों को शुक्रवार देर शाम हाटा क्षेत्र के एक गांव से मुक्त कराया। तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को दोनों किशोरियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया, लेकिन चिकित्सक के न होने से जांच नहीं हो पाई। दोनों को फिलहाल आशा ज्योति केंद्र में रखा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गौरीबाजार इलाके के एक गांव की रहने वाली दो किशोरियां का तीन सितंबर को अपहरण हुआ था। दोनों कक्षा नौ की छात्रा हैं। तीन सितंबर को एक महिला के साथ आया युवक उन्हें जबरन अपने साथ ले गया। बाद में उसने अपने दो साथियों को भी अपने साथ कर लिया। तीनों ने दोनों किशोरियों के साथ दुष्कर्म किया। लोगों को भनक लगने का अंदेशा होने पर वे दोनों को लेकर हाटा चले गए। वहां किशोरियों को किसी के घर में रखा और दुष्कर्म करते रहे। आरोपियों ने किशोरियों को हेतिमपुर में भी रखा था।
पूर्व थाना प्रभारी को पीड़ितों ने तहरीर दी थी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नए थाना प्रभारी अश्वनी राय को जानकारी मिली तो उन्होंने जांच में तेजी लाई। दोनों किशोरियों को शुक्रवार देर शाम हाटा इलाके के एक गांव से मुक्त करा लिया गया।
मामले में पुलिस ने अशोक प्रसाद और दो किशोरों को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर केस भी दर्ज कर लिया गया है। गौरीबाजार के थाना प्रभारी अश्वनी राय ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की धारा बढ़ाई जाएगी।
नौ दिनों तक किशोरियों के साथ होता रहा जुल्म, सोती रही गौरीबाजार पुलिस
देवरिया। गौरी बाजार के एक गांव की रहने वाली दो किशोरियों का अपहरण कर दुष्कर्म होता रहा। परिवार वालों की तहरीर के बाद भी पुलिस ने लापरवाही बरती। पीड़ित खुद किशोरियों की खोज में लगे रहे। रोज थाने का चक्कर लगाते-लगाते थक गए लेकिन पूर्व एसओ विजय सिंह गौर ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
नए एसएचओ को जब जानकारी हुई तो उन्होंने इस मामले में कार्रवाई करते हुए छानबीन शुरू कर दी। छानबीन के दौरान किशोरियों के बारे में पुलिस को जानकारी मिल गई। कुशीनगर इलाके के हाटा इलाके से दोनों को बरामद कर लिया गया।