बरियारपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्यार का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म और गर्भवती होने के बाद शादी से इन्कार करने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक तीन वर्ष पूर्व गांव की एक किशोरी से प्यार हो गया। किशोरी को शादी का झांसा देकर युवक शारीरिक संबंध बनाने लगा। इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई। यह बात परिजनों से नहीं बताई थी। दस दिन पूर्व प्रेमी ने शादी से इन्कार करते हुए शादी दूसरे लड़की से तय होने की बात बताई। यह सुनने के बाद किशोरी रोते हुए घर पहुंची और पूरी घटना मां को बताई। मां के उलाहना पर युवक के पिता किशोरी को अपने घर में रखने को तैयार हो गए, लेकिन युवक का भाई व मां ने घर से बाहर निकाल दिया। किशोरी ने बरियारपुर थाने में तहरीर दी। सीओ दीपक शुक्ला ने कहा कि तहरीर मिली है। पीड़िता का बयान दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।