कार सवार युवकों ने दुकानदार को मारपीट कर छह हजार रुपये लूटे
भटनी। दुकान बंद कर बृहस्पतिवार रात घर जा रहे युवक से कार सवार उलझ गए। मारपीट कर पॉकेट में रखा करीब छह हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। शोर करने पर आसपास के लोगों को आता देख युवक मोबाइल सड़क पर फेंक फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया।
भटनी थाना क्षेत्र के पिपरा विठ्ठल गांव निवासी रामनिवास यादव नगर के छोटी गंडक नदी पुल के समीप मोटर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। तीन दिन पूर्व उनके दुकान पर आए ग्राहक से एक लड़के से कहासुनी हो गई थी। दुकानदार ने समझाकर विवाद सुलझा दिया था। बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे रामनिवास दुकान बंद कर घर के लिए निकला, तभी कार सवार युवकों ने उसे घेर लिया और पीटने लगे। युवकों ने दुकानदार के पॉकेट से करीब छह हजार रुपये और मोबाइल फोन निकाल लिया। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों को आता देख युवक मोबाइल फोन सड़क पर फेंककर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर एक युवक को हिरासत में ले लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपितों पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस बाबत एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में मारपीट होने की बात सामने आई है।