बरहज। भलुअनी थाना क्षेत्र के लंगड़ा बाजार के भगवानपुर मोहल्ला के राकेश चौहान की पानी के जहाज से वेनेजुएला जाते समय करीब दो माह पहले संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। राकेश चालक दल का सदस्य था। शव को गांव लाए जाने पर उसके शरीर के कई अंग गायब होने का संदेह पर परिवार वालों ने डीएम से अनुमति लेकर शव को दोबारा पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने परिवार वालों के शंका का हकीकत में बदल दिया, क्योंकि रिपोर्ट में कई अंग गायब होने की पुष्टि हो गई।
इसके बाद से ही राकेश के परिवार वाले कंपनी पर कार्रवाई की मांग को लेकर डीएम से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उधर, राकेश के परिवार वाले मुख्यमंत्री से मिलने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान से भी मिलने की तैयारी में हैं।
राकेश की पत्नी रंजना देवी का कहना है कि पति की मौत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के कई अंग गायब होने की पुष्टि के बाद अधिकारियों को साक्ष्य उपलब्ध करा दिया गया है, मगर पति जिस कंपनी में काम करते थे, उस पर कार्रवाई नहीं हो सकी। उधर, राकेश की मौत से घर में मातम और मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।
छह माह के बच्चे के साथ पत्नी रंजना देवी के चेहरे पर उदासी देख हर आंखें नम हो जा रही हैं। पिता रामदेव चौहान अवसाद में हैं। राकेश दो भाइयों में सबसे बड़ा था। कोरोना काल के बाद पिता के अस्वस्थ होने और उनका कारोबार बंद होने जाने पर राकेश घर खर्च में हाथ बंटाता था, मगर ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था।
..
कोट-
- मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। पीड़ित के अनुरोध पर निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाया जाएगा।
- अवधेश निगम, एसडीएम रुद्रपुर