सलेमपुर देवरिया मुख्य मार्ग पर दुकान में घुसा पानी।
सलेमपुर। बुधवार की दोपहर को करीब आधे घंटे की झमाझम बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के पानी से नालियां ओवर फ्लो हो गईं।
साथ ही, आजाद रोड, भगत सिंह मार्ग समेत नगर के कई प्रमुख मार्गों और बाजार में जलभराव हो गया। कई दुकानों और मकानों में नाली का पानी घुस जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान आजाद रोड और भगत सिंह मार्ग पर पानी भर जाने से बाजार आए ग्राहकों को आवाजाही में कठिनाई हुई। अन्य प्रमुख मार्गों पर भी जलभराव होने से स्कूल से लौट रहे बच्चों और उनके अभिभावकों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
दुकानों में बारिश का पानी घुसने के बाद व्यापारियों ने झाड़ू और अन्य साधनों से पानी निकालने का प्रयास किया। कई दुकानदारों का सामान भी भीग गए। लोगों ने नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए नियमित रूप से नालियों की सफाई कराने की मांग की है।
बारिश थमने के बाद नगर पंचायत के कर्मचारी जलभराव वाले स्थानों पर पहुंचे और जाम नालियों की सफाई कर पानी की निकासी कराई। इसके बाद धीरे-धीरे सड़कों और बाजार से पानी उतरने लगा।