बारिश के बाद टीचर्स कालोनी में सड़क पर लगा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। कस्बे में जल निकासी की समस्या बढ़ती जा रही है। लेकिन नगर प्रशासन इसके लिए कोई पहल नहीं कर रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश से नगर की सड़कें पानी से भर गई। इससे दुकानदारों के साथ-साथ नगरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों की मानें तो नालियां जाम होने के कारण बारिश से बाजार व मोहल्लों की सड़कें पानी से भर जा रही है।
नगर प्रशासन की लापरवाही के कारण नगर की अधिकांश नालियां जाम पड़ी है। हल्की बारिश में भी नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। लोगों की शिकायत के बाद भी नगर प्रशासन जाम पड़ी नालियों की सफाई नहीं करा रहा है।
दोपहर में करीब एक घंटे तक हुई बारिश से नगर के भगत सिंह मार्ग, आजाद रोड, टीचर्स कालोनी, सलाहाबाद की सड़कों पर पानी भर गया। इसके अलावा पिपरा नाजिर, परशुरामधाम, हरैया वार्ड के कई लोगों का घर बारिश के पानी से घिरा हुआ है। नगर प्रशासन अभी तक जल निकासी के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया।
नगर के भगत सिंह मार्ग के दुकानदार दीपक वर्मा, रविकांत तिवारी, मंगल पांडेय, प्रिंस वर्मा, राजू गोयल, बबलू बरनवाल, वृद्घिचन्द्र, नवरत्न वर्मा, संजय पांडेय आदि नगर प्रशासन से जल जमाव से निजात और जाम पड़ी नालियों की सफाई कराने की मांग की है। इस बाबत इओ अवधेश सिंह ने बताया कि नालियों की सफाई के लिए सफाईकर्मियों को निर्देश दिया गया है। जल निकासी की समस्या से निजात के लिए प्रयास किया जा रहा है।