युवतियों को ले जाती कोतवाली पुलिस।
देवरिया। शहर की भुजौली कॉलोनी में देह व्यापार की सूचना पर बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने एक मकान में छापा मारा। इस दौरान तीन युवक और तीन युवतियां मौजूद मिलीं। पुलिस सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर सदर कोतवाली पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान सदर तहसीलदार अलका सिंह मौजूद रहीं। जांच के बाद मकान में ताला लगा दिया गया। पुलिस के अनुसार, भुजौली कॉलोनी स्थित एक रिहायशी मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
इसके आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने छापा मारा। मकान के भीतर तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं। बताया जा रहा है कि तीन जोड़ों के रूप में वहां मौजूद थे। आसपास के लोगों के अनुसार, मकान एक व्यक्ति ने किराये पर ले रखा था। वहां काफी समय से युवक और युवतियों का आना-जाना लगा रहता था।
स्थानीय लोगों ने किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने से इन्कार किया है। पुलिस मकान किराये पर लेने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाने के साथ ही वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मकान में किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं।
कोतवाल शशिभूषण राय ने बताया कि छापे के दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।