लार कस्बे में है क्लीनिक, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में महिला ने तोड़ा दम
लार। तीन दिन पूर्व नगर के एक झोलाछाप के यहां महिला ने गिल्टी का आपरेशन कराया। हालत बिगड़ने पर रविवार को घर वाले महिला को लेकर उसकी क्लीनिक पर पहुंचे। झोलाछाप ने महिला की हालत गंभीर बताया और मेडिकल कॉलेज, देवरिया ले जाने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। घर वाले झोलाछाप पर ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। घटना के बाद झोलाछाप फरार हो गया है।
लार थाना क्षेत्र के पटना निवासी जाहिद सऊदी अरब रहते हैं। घर पर पत्नी नजमा (45) बच्चों के साथ रहती थीं। परिजनों के मुताबिक, तीन दिन पूर्व नजमा को कमर में दर्द हुआ तो लार नगर के एक झोलाछाप के यहां उपचार कराने गईं। आरोप है कि झोला छाप ने कमर पर गिल्टी होने की बात कहकर जल्द आपरेशन कराने को कहा और उसी दिन आपरेशन कर दिया। आरोप है कि उसी दिन से महिला की तबियत बिगड़ती गई।
परिजनों ने दिक्कत बताई तो झोलाछाप ने कहा कि तबीयत जल्दी ठीक हो जाएगी। रविवार की सुबह अचानक से महिला की हालत गंभीर हो गई तो आनन-फानन में लोग झोलाछाप के पास लेकर पहुंचे। हालत नाजुक देख उसने मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाने को कहा। वहां ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
उधर, घटना के बाद आरोपी झोलाछाप क्लीनिक बंद कर फरार हो गया। महिला के मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। पत्नी की मौैत की सूचना किसी ने सऊदी में रह रहे पति जाहिद को दी। तो वह बदहवास होकर गिर पड़े। साथ काम करने वाले दोस्तों ने उन्हें किसी तरह संभाला।
घटना के बाद झोलाछाप के कई करीबी मामले को मैनेज कराने में जुट गए। मृतक महिला का एक बेटा और बेटी है। परिजनों ने ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक कपिल देव चौधरी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।