सलेमपुर- मैरवा मार्ग पर नदावर पुल के पास हुआ हादसा
सलेमपुर। ब्लॉक के हिछौरा लाला गांव के प्रधान के देवर की बाइक में तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। राहगीरों की मदद से पुलिस ने बाइक पर सवार दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल की इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
कोतवाली थाना क्षेत्र हिछौरा लाला गांव निवासी दुर्गेश यादव गांव के रोजगार सेवक हैं। उनकी पत्नी माया देवी गांव की प्रधान हैं। शनिवार को प्रधान माया देवी के पूरे परिवार के लोग लार थाना क्षेत्र के मठिला पिंडी निवासी रामप्रवेश यादव के बेटे आनंद यादव की बरात में शरीक होने गए थे। सभी लोग उनके घर से एक साथ भाटपार रानी थाना क्षेत्र के दुबौली गांव बरात में शामिल होने गए। द्वारपूजा और जयमाल के बाद ब्रजेश गांव के सुचित कुशवाहा (18) के साथ बाइक से अपने गांव के लिए निकाले।
सलेमपुर- मैरवा मार्ग पर नदावर पुल के पास सामने से आ रही एक बाइक की लाइट से उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बृजेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कोतवाल उमेश कुमार बाजपेई ने बताया कि सड़क हादसे में प्रधान के देवर की मौत हुई है।