भटनी। हाजीपुर रेलवे स्टेशन के पास चल रहे निर्माण कार्य का असर ट्रेनों के परिचालन पर लगातार दूसरे दिन भी दिखाई दिया। बिहार की ओर से आने वाली कई ट्रेनें सोमवार को घंटों विलंब से भटनी पहुंची।
कोलकाता-गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस करीब 12 घंटे की देरी से पहुंची। इसके चलते यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों की आगे की यात्रा भी प्रभावित हुई।
यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए हाजीपुर रेलवे स्टेशन के पास निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ रहा है। सोमवार को प्लेटफॉर्म पर यात्री निर्धारित समय पर पहुंच गए मगर ट्रेनें घंटों बाद पहुंचीं।
पूर्वांचल एक्सप्रेस के अलावा गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस करीब तीन घंटे, गोमतीनगर-कामाख्या पूजा स्पेशल तीन घंटे, लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस दो घंटे, अयोध्या-भटनी पैसेंजर दो घंटे और पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि हाजीपुर के पास रेलवे कार्य चलने के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। इसके चलते ट्रेनें विलंब से भटनी पहुंच रही हैं।