डीएम ने की पल्स पोलियों अभियान की समीक्षा
28 मई को शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, इस दिन बूथ डे पर 1918 बूथ पर दी जाएगी पोलियो ड्राप- 29 मई से तीन जून तक घर-घर जाकर 0-5 वर्ष के बच्चों को दी जाएगी खुराक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार सीएमओ कार्यालय स्थित धन्वंतरि सभागार में पल्स पोलियो अभियान की तैयारी को लेकर जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 28 मई को पल्स पोलियो अभियान शुरू किया जाएगा। इस दिन जनपद के 1918 बूथों पर 0-5 वर्ष के लक्षित बच्चों को पोलियो ड्राप की खुराक दी जाएगी। जिले में 4,93,881 बच्चों को खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को लेकर शुक्रवार व शनिवार को पल्स पोलियो जागरूकता रैली निकाली जाएगी। 29 मई से तीन जून तक जनपद में घर घर जाकर 0- 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा। पांच जून को छूटे हुए बच्चों को खुराक दी जाएगी। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की है कि सभी बच्चों को पोलियो ड्राप जरूर दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रयास हो कि कोई भी बच्चा इससे वंचित न होने पाए। उन्होंने निर्देश दिया कि एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी सक्रिय भूमिका निभाते हुए ड्यू लिस्ट तैयार करें और सभी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक उपलब्ध कराएं। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान के लिए पोलियो बूथ, ट्रांजिट बूथ, मोबाइल टीम तथा घर-घर भ्रमण के लिए टीमें बनाई गई हैं। इस दौरान सीडीओ रवींद्र कुमार, एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. बीपी सिंह, डीआईओएस डॉ. विनोद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णकांत राय, डब्लूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. अंकुर सांगवान आदि मौजूद रहे।