मरीजों का त्वरित जांच कराकर चिकित्सा उपलब्ध कराएं
सीएमएस ने किया वार्डों का निरीक्षण
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों का रविवार को सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों और तीमारदारों के साथ अच्छा व्यवहार करने का निर्देश दिया।
सीएमएस सबसे पहले इमरजेंसी पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों का ठीक से ध्यान देने को कहा। इसके बाद मेडिसिन व सर्जिकल महिला व पुरुष वार्ड, डेंगू वार्ड, एसएनसीयू, पीआईसीयू का जायजा लिया। कहा कि भर्ती मरीजों का त्वरित जांच कराकर उच्च स्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराई जाए। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इसी क्रम में उन्होंने एमसीएच विंग स्थित महिला वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वार्ड में भीड़ न लगाएं। इससे नवजात शिशुओं को संक्रमित होने का खतरा बढ़ जाता है।