संवाद न्यूज एजेंसी
लार। सीएचसी लार में सोमवार को कोरोनारोधी टीका लगवाने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां रजिस्ट्रेशन में देरी लोगों ने हंगामा किया। इसे लेकर स्वास्थ्य कर्मियों और टीका लगवाने आए लोगों में तीखी नोक झोंक भी हुई। सूचना पर अधीक्षक पहुंचे और लोगों को समझाकर कर्मियों से रजिस्ट्रेशन सही ढंग से करने का निर्देश दिया।
दोपहर 12 बजे तक महज 55 लोगों को टीका लगा था। सोमवार को लार सीएचसी पर सुबह से ही करीब पांच सौ से अधिक महिला पुरुष व युवक वैक्सीन का प्रथम और दूसरी डोज लेने आए थे। लार हरिजन बस्ती के मोतीलाल,परासी चकलाल के मोहम्मद कादिर,बडनपुरा के काशीनाथ,कोहरा के हरेराम यादव, रामनगर की सुभावती,चुरियां की जानकी,रामनगर के संजय वर्मा, नदौली की रंभा ने बताया कि सुबह सत बजे से वैक्सीन लगवाने के लिए अस्पताल आए हैं। एक बजे तक वैक्सीन नहीं लगी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीबी सिंह ने बताया कि लोग हंगामा किए थे। सभी को समझाकर शांत करा दिया गया है। नियम के अनुसार वैक्सीन लगाई गई।
कई महिलाएं गश खाकर गिरीं
टीकाकरण कराने अस्पताल आ रहे लोग सुबह से ही लाइन में लग जा रहे हैं। कोविड प्रोटोकाल का पालन किए बिना रजिस्ट्रेशन हो रहा है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ रहा सकता है। रविवार को भीड़ में खड़ी कई महिलाएं गश खाकर गिर पड़ीं। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।
एसडीएम के निर्देश के बाद भी नहीं है लगी पुलिस की ड्यूटी
भीड़ को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने एसडीएम को लिखित में दो पुलिसकर्मियों की मांग की थी। एसडीएम ने इस बारे में निर्देश भी दिया। पर, अभी तक किसी की ड्यूटी नहीं लगी।