एक हफ्ते से बिजली न मिलने पर प्रदर्शन
आक्रोशित ग्रामीणों ने सब स्टेशन के मेन गेट पर ताला लगाकर की नारेबाजी
ट्रांसफॉर्मर जलने से सोनबरसा गांव में एक सप्ताह से नहीं मिल रही बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। ब्लॉक के सोनबरसा गांव में एक सप्ताह से ट्रांसफॉर्मर जलने से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार की शाम कर्मचारियों को सब स्टेशन से बाहर कर बिजली निगम के मेन गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। बाद में मौके पर पहुंचे तहसीलदार शैैलेंद्र कुमार ने मंगलवार को ट्रांसफॉर्मर लगवाने का आश्वासन दिया। उसके बाद ग्रामीणों ने मेन गेट का ताला खोला। इसके चलते ग्रामीण इलाके की तीन घंटे व नगर में दो घंटे बिजली की आपूर्ति ठप रही।
ग्रामीणों के मुताबिक, एक सप्ताह से सोनबरसा गांव का ट्रांसफॉर्मर जला है। बिजली निगम के जिम्मेदारों से इसके लिए कई बार कहा गया, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। विभागीय लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को एक सप्ताह से भुगतना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के लोग दिन-रात काट रहे हैं।
आरोप है कि लगातार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज होकर ग्रामीण सोमवार की शाम बिजली निगम के सब स्टेशन पहुंचे, जहां सभी स्टेशनों की आपूर्ति ठप कराकर कर्मचारियों को बाहर निकाल दिए। उसके बाद मेन गेट पर ताला लगाकर बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों का ट्रांसफॉर्मर जल्द लगवाने की बात कहकर बिजली निगम के जिम्मेदारों से वार्ता की।
वहीं, मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने बिजली निगम के अधिकारियों से वार्ता कर कल ट्रांसफॉर्मर बदलने का आश्वासन दिया। उसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके चलते ग्रामीण इलाके की आपूर्ति तीन घंटे व नगर की करीब एक घंटे बिजली की आपूर्ति ठप रही। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान मनोज यादव, मिट्ठू यादव, योगेश यादव, सुनील कनौजिया, जितेंद्र कुमार, अमरपाल, अमित कुमार, दयानंद गौड़ आदि मौजूद रहे।
एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर जलने से नाराज लोग प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें समझाया गया कि मंगलवार को दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगवा दिया जाएगा। तहसीलदार शैलेंद्र कुमार ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर जलने से लोग आक्रोशित थे। सुबह तक ट्रांसफॉर्मर लगवाने का आश्वासन दिया गया।