बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
रमजान के पाक महीने में बिजली की भीषण कटौती को लेकर रोजेदारों का गुस्सा चरम पर है। बुधवार को मदनपुर के रोजेदारों ने रुद्रपुर पॉवर हाउस पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए लोगों ने पॉवर हाउस में ताला बंद कर जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने जेई पर रमजान के महीने को लेकर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाया।
मुसलिम बाहुल्य इलाके मदनपुर में तीन दिन से बिजली बिना लोगों को जीना बेहाल है। रमजान के पहले दिन बिजली के नहीं आने से रोजेदारों को खासा परेशान होना पड़ा। इस संबंध में एक रोजेदार ने जेई रोहिताश से फोन करके बिजली नहीं आने का कारण पूछा। रोजेदार जावेद अख्तर ने आरोप लगाया कि जेई ने रमजान के महीने को लेकर गलत बात कही।
इससे पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रोजेदार रुद्रपुर कस्बा स्थित पॉवर हाउस पहुंच कर हंगामा करने लगे। रोजेदारों का गुस्सा देख बिजली विभाग के कर्मचारी दफ्तर छोड़ कर फरार हो गए। लोगों ने पॉवर हाउस में ताला जड़ कर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक बवाल करने के बाद रोजेदार तहसील पहुंचे।
उन्होंने जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। रोजेदारों ने नायब तहसीलदार डॉ. संजीव कुमार दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। मदनपुर के रोजेदारों ने अभद्र टिप्पणी करने वाले जेई के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर मदनपुर में सड़क जाम कर आंदोलन करने की चेतावनी दी।