मईल। भागलपुर मार्ग पर सरकारी देसी शराब की दुकान खोलने के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझा-बुझा कर जाम समाप्त कराया।
स्थानीय चौराहे के पास नारियाव गांव के नाम से सरकारी देसी शराब की दुकान का ठेका हुआ है। शनिवार को भागलपुर मईल मार्ग पर मैना देवी इंटर कॉलेज बकुची के सामने बन रही दुकान के सामने नरियाव गांव के लोगों ने सड़क जाम कर दी और दुकान का विरोध करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष चौराहे पर बाजार करने आते हैं। जहां देसी शराब की दुकान खुल रही है, उसके सामने विद्यालय भी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी। ग्रामीणों ने पत्रक दिया है। आबकारी विभाग और एसडीएम को सूचना दे दी गई है। प्रदर्शन करने वालों में रविंद्र मिश्रा, विरेंद्र मिश्रा, नागेंद्र चौहान, दीपू चौधरी, जयप्रकाश, रामावती, ऊषा देवी, लाली, माया, ललिता, अभिमन्यु, राजू, हरेराम, विजय मिश्र, सुभाष आदि उपस्थित रहे।