देवरिया। सदर तहसील बार एसोसिएशन की बैठक मंगलवार को तहसील परिसर में हुई। इसमें डिस्टि्रक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुभाष राव के ऊपर प्राण घातक हमला करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष व्यक्त किया गया। इसके बाद परिसर में प्रदर्शन कर वकीलों ने अविलंब हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग किया।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष युगुलकिशोर तिवारी ने कहाकि डिस्टि्रक्ट बार के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र राव की जमीन पर बने पिलरों को दबंगों में तोड़ दिया। विरोध करने पर पूर्व अध्यक्ष के ऊपर प्राणघातक हमला कर घायल कर दिया। इस प्रकरण में सदर कोतवााली में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज किया गया, लेकिन अभी तक पुलिस के द्वारा आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई।
तहसील बार एसोसिएशन इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के अविलंब गिरफ्तारी की मांग करता है। अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ता कार्रवाई होने तक न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं करेंगे। इसके बाद अधिवक्ताओं ने सदर तहसीलदार कृष्ण कुमार मिश्रा को मांगों का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेताया कि
कार्रवाई नहीं होने पर अधिवक्ता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस बीच कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।