कोर्ट के पुलिस कर्मी मामले को छिपाने में मशगूल
आरोपी का फोटो न्यायालय के सीसीटीवी कैमरे में देखकर भागने की हुई पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गौरी बाजार थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी शुक्रवार को पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। हालांकि, अदालत में तैनात पुलिसकर्मी मामले को छिपाने में मशगूल दिखे।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा निवासी गोविंद निषाद पुत्र शिवचंद को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर गौरीबाजार थाने के उपनिरीक्षक राममूरत राम पाॅक्सो न्यायालय में रिमांड के लिए लाए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पॉक्सो न्यायालय में आरोपी गोविंद का रिमांड पुलिसकर्मियों ने तैयार कर लिया था, लेकिन अभी न्यायाधीश के हस्ताक्षर नहीं हुए थे। इसी बीच पुलिसकर्मी चाय पीने लगे तो आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी के विरुद्ध किशोरी से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है।
आरोपी के फरार होने की जानकारी जब उपनिरीक्षक सहित पुलिसकर्मियों को लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन पूरी कचहरी में पुलिसकर्मी दौड़ने लगे, लेकिन वह मेन गेट से फरार हो गया। यह जानकारी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे से हुई है।
गौरी बाजार के थानाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया है। रिमांड के लिए न्यायालय भेजा गया था। न्यायालय में पेपर तैयार हो गया था, लेकिन न्यायाधीश के हस्ताक्षर होने के पहले ही वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इसमें साथ गए पुलिसकर्मियों की लापरवाही इंगित हो रही है।