देवरिया जिला जेल में करीब सात वर्ष से बंद एक बुजुर्ग बंदी की बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह हत्या के आरोप में बंद था। जेल प्रशासन के अनुसार वह अक्सर बीमार रहता था।
रामपुर कारखाना क्षेत्र के खड़ाइच गांव निवासी बृजराज (77) हत्या के आरोप में वर्ष 2016 से जेल में बंद थे। दोपहर उनकी तबीयत काफी खराब हो गई। जेल प्रशासन ने बृजराज को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ देर बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
जेलर राज कुमार ने बताया कि बंदी बुजुर्ग थे। काफी दिनों से बीमार थे। बुधवार को भी अस्पताल भेजा गया था। पेशाब नली में घाव होना डाक्टरों ने बताया है। इसके अलावा अन्य बीमारी भी थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।