संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बरहज। बरहज के धौला पंडित में पुरोहित रामआशीष पांडेय की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों ने चोरी करते पकड़े जाने के भय से पेचकस से गोद कर पुरोहित की हत्या की थी।
वारदात का खुलासा करते हुए एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से पेचकस, रामआशीष पांडेय का 860 रुपये नकद, आधार, पैन, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, एटीएम कार्ड समेत तीन मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी ने पुलिस लाइंस सभागार में बताया कि 15 जुलाई को पुरोहित पंडित निवासी रामआशीष पांडेय की हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम में रामआशीष के शरीर पर 10 जगह घाव के निशान मिले थे।
इसके बाद बरहज पुलिस और एसओजी इस मामले के खुलासे में जुट गई थी। पुलिस ने पुरोहित की बेटी उषा देवी की तहरीर पर हत्या के आरोप में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुट गई थी।
इसके बाद फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड व सर्विलांस टीम की मदद से सुराग जुटाई गई। घटना का खुलासा हो गया है। तीन आरोपियों काे गिरफ्तार किया गया है।