सलेमपुर। घर में बरात आने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच रिश्ता तोड़ने की नियत से होने वाले दूल्हे की प्रेमिका ने लड़की को फोन कर दिया। इसके बाद कन्या पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल ने तत्काल लड़के पक्ष को कोतवाली बुलवाया और रिश्ता जुड़े इसके लिए पहल शुरू कर दिया, लेकिन कन्या पक्ष शादी से इंकार कर दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी भाटपाररानी के एक युवक से तय की थी। रविवार को बरात आनी थी, घर में पूरी तैयारी कर ली गई थी। रिश्तेदार आ गए थे। शनिवार की शाम मटकोड़ होना था। इसी बीच दूल्हे की प्रेमिका ने लड़की के मोबाइल पर फोन कर शादी नहीं करने की बात कही। यह बात उसने अपने परिजनों को बता दिया। इसके बाद परिजन कोतवाली पहुंच कर आपबीती सुनाई। जिसे गंभीरता से लेते हुए कोतवाल टीजे सिंह ने पुलिस भेजकर तत्काल लड़के पक्ष को कोतवाली बुलाया और रिश्ता जुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन कन्या पक्ष के लोग शादी करने से इंकार कर दिए। दोनों पक्ष देर शाम को आपस में सुलह समझौता कर शादी नहीं करने की बात कह अपने-अपने घर लौट गए। कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि शादी से जुड़ा मामला आया था। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचकर अपनी अपनी समस्या बता रहे थे। प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बन पाई।