बैतालपुर। रुद्रपुर क्षेत्र के पिंड़रा गांव के पेट्रोल पंप पर टैंकर में बने चोर चैंबर से 210 लीटर डीजल बरामद होने के बाद अब जांच की निगाह बैतालपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो और वहां से संचालित होने वाली तेल परिवहन व्यवस्था पर टिक गई है।
टैंकर में चोरी के लिए अलग चैंबर बनाए जाने के खुलासे के बाद यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसकी जानकारी डिपो से टैंकर रवाना होने के दौरान हुई या नहीं। साथ ही टैंकर के पूर्व में किए गए तेल परिवहन से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शनिवार को पिंड़रा स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल उतारने के बाद ड्रेनेज पाइप से तेल गिरता देखकर संचालक को संदेह हुआ था। इंडियन ऑयल के अधिकारियों की मौजूदगी में टैंकर की जांच कराई गई थी। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल टैंकर की जांच और निगरानी व्यवस्था को लेकर खड़ा हुआ है।