समयसारिणी जारी, 20 मार्च से शुरू, दो लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के 2120 परिषदीय स्कूलों में 20 मार्च से वार्षिक परीक्षा कराने की तैयारी चल रही है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से सभी विषयों के प्रश्नपत्र तैयार कर बेसिक कार्यालय को भेज भी दिए गए गए हैं। हालांकि, अभी इनकी छपाई के कार्य में देरी होने से पिछले वर्ष की भांति इस बार भी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा की समयसारिणी जारी कर दी गई है। इसके अनुसार अब मात्र नौ दिन ही शेष रह गए हैं। इस बार दो लाख से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। हालांकि, अभी प्रश्नपत्रों की छपाई का कार्य होना बाकी रह गया है। इस बार लोकल स्तर पर ही इसकी छपाई की तैयारी की जा रही है। 64 प्रकार के प्रश्नपत्रों का प्रारूप बनाया गया है।
परीक्षा के अंतर्गत कक्षा एक की परीक्षा केवल मौखिक होती है। कक्षा दो से आठवीं तक लिखित परीक्षा होगी। इसमें बहुविकल्पीय, लघुउत्तरीय व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे।
सत्र 2021-22 की परीक्षा में प्रश्नपत्रों की छपाई में मनमानी से हुई थी छिछालेदर
पिछले सत्र की परीक्षा के दौरान जिले के कई परिषदीय स्कूलों में समय से पेपर नहीं पहुंचा। जहां पहुंचा था, वहां उस दिन की परीक्षा के स्थान पर दूसरे विषय के प्रश्नपत्र खुल गए। पेपर पैकिंग में भी चयनित छपाई एजेंसी की लापरवाही उजागर हुई थी। तत्कालीन बीएसए ने उस दौरान लोकल स्तर की एजेंसी का चयन न कर वाराणसी के अपने एक चहेते को प्रश्नपत्रों की छपाई की जिम्मेदारी दे दी थी। परीक्षा के ऐन वक्त पर कई स्कूलों में गड़बड़ी के चलते इसका खामियाजा विद्यार्थियों व शिक्षकों को उठाना पड़ा था। ऐसे में विभाग की भी खूब छिछालेदर हुई।
अधिकारियों से शिक्षक संगठन ने लगाई गुहार
जूनियर शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष ने हेमा त्रिपाठी ने बताया कि पिछले साल बहुत सी गड़बड़ियां हुईं थीं। इस बार अधिकारियों से संगठन की ओर से मांग की गई है कि समय से प्रश्नपत्र मिले और परीक्षा को लेकर गंभीरता बरती जाए।
कोट
हमारे यहां से प्रश्नपत्र तैयार कर भेज दिया गया है। डायट की भूमिका परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षा के लिए केवल प्रश्नपत्र निर्माण की होती है। इनकी छपाई बीएसए स्तर से कराई जाती है।
-अनिल सिंह, प्राचार्य डायट
कोट
वार्षिक परीक्षा की तैयारियां चल रहीं हैं। पिछले साल की गलतियों से सबक लेकर इस बार लोकल स्तर पर ही प्रश्नपत्रों की छपाई कराई जाएगी। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया चल रही है। परीक्षा के पूर्व ही सभी विषयों के प्रश्नपत्र परिषदीय स्कूलों में पहुंच जाएंगे।
-हरिश्चंद्र नाथ, बीएसए