संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। प्रदेश स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए जिले में महिला एथलेटिक्स व बैडमिंटन का चयन व ट्रायल 20 अगस्त को आयोजित होगा। स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस ट्रायल में जिले की महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। चयनित खिलाड़ियों को अगले दिन 21 अगस्त को गोरखपुर मंडल स्तर पर आयोजित ट्रायल में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्रांक 414/2024-25 दिनांक 08 मई 2025 के अनुपालन में इस चयन प्रक्रिया को संपन्न कराया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश स्तरीय महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का जिला स्तरीय चयन 20 अगस्त को देवरिया में होगा, जबकि मंडलीय स्तर पर गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर व महराजगंज की खिलाड़ी 21 अगस्त को गोरखपुर में आमने-सामने होंगी। चयनित खिलाड़ियों को अयोध्या में 25 से 26 अगस्त तक होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
खेल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा निखारने और प्रदेश स्तर तक पहुंचने का सुनहरा मौका है। खिलाड़ियों को सलाह दी गई है कि वे समय से स्टेडियम पहुंचें और आवश्यक खेल सामग्री साथ लेकर आएं।
जिला क्रीडा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि महिला एथलेटिक्स और बैडमिंटन में जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की बड़ी संख्या भागीदारी करेगी। उन्होंने कहा कि चयन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भी अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में हिस्सा लें।