संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। बिना चिकित्सकीय डिग्री या उपकरण के प्रसव कराने के आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए सीएचसी अधीक्षक डॉ. बृजवासी सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि कथित व्यक्ति द्वारा प्रसव कराने के दौरान महिला की मौत हो गई।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि शंभू यादव निवासी ग्राम खोपा, जनपद देवरिया के संबंध में जानकारी मिली है कि उसके पास कोई चिकित्सकीय डिग्री अथवा आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता नहीं है। इसके बावजूद वह कथित तौर पर गांवों में घूम-घूमकर लोगों का इलाज करते हैं। वह महिलाओं के घर जाकर प्रसव कराने का काम भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में शंभू यादव द्वारा एक महिला का प्रसव कराया गया था। प्रसव के दौरान बिंदु देवी पत्नी प्रदीप निवासी ग्राम विशुनपुर की मौत हो गई। बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के इलाज और प्रसव कराया जाना आमजन के जीवन के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए शंभू यादव के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
तहरीर की प्रतिलिपि जिला अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष एकौना देवेंद्र सिंह ने कहा कि अभी एक दिन पहले उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया है।