- बालू के बोरे से बांध कर नदी में फेंका गया था शव
- महुआडीह थानाक्षेत्र का है मामला
- चार दिन बाद भी परिजनों ने पुलिस को नहीं दी थी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। महुआडीह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी गर्भवती किशोरी का शव सोमवार को छोटी गंडक नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने वालों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए बालू के बोरे से शव को बांध दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार किशोरी की गला कस कर हत्या की गई थी। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
एक गांव निवासी 17 साल की किशोरी चार दिनों से घर से गायब थी। उसका शव सुबह ग्रामीणों ने छोटी गंडक नदी में उतराता देखा। गांव के चौकीदार ने इसकी सूचना थानेदार को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि किशोरी का शव नदी में बालू से भरे बोरे में बंधा था। किशोरी को सुनियोजित तरीके से मारकर शव को ठिकाने लगाने के लिए नदी में फेंक दिया गया था। किशोरी की पहचान होने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसके गायब होने की बात भी स्वीकार किए। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि वह कुछ माह की गर्भवती थी और उसका पेट निकला हुआ था। पुलिस ने देर रात मामले में किशोरी से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि किशोरी को करीब से जानने वाले ही घटना को अंजाम दिए हैं।
- किशोरी की गला कस कर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। अहम सुराग मिले हैं। किशोरी से जुड़े लोगों पर गहरा शक है।
संकल्प शर्मा, एसपी