ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
सलेमपुर। नगर के एक निजी क्लीनिक में आपरेशन के बाद प्रसूता की मौत हो गई। आरोप है कि महिला डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर दूसरी जगह इलाज कराने की बात कह रेफर कर दिया। प्रसूता का गोरखपुर के एक निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवारी जनों ने यहां के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर बछउर गांव निवासी करिया यादव का आरोप है कि बृहस्पतिवार को मेरी बहू रीना देवी (30) पत्नी मुकेश यादव को प्रसव पीड़ा होने पर सलेमपुर के सिंचाई विभाग के डाक बंगला के पीछे स्थित निजी अस्पताल में मौजूद महिला डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने उनसे बीस हजार रुपये जमा कराकर बहू को अस्पताल में भर्ती कर लिया और शुक्रवार को ऑपरेशन से रीना ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद महिला डॉक्टर अपनी घर चली गई। आरोप है कि सिर्फ नर्सों के भरोसे प्रसूता को छोड़ दिया गया। रीना को कोई डॉक्टर देखने नहीं आया। करीब दोपहर में पहुंची महिला डॉक्टर ने हालात गंभीर बताकर गोरखपुर के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आनन फानन में परिवार के लोगों ने उसे गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। हालांकि मासूम बच्चा घर पर सुरक्षित बताया जा रहा है। ये दूसरे नंबर का बेटा था। महिला का पति चेन्नई में प्राइवेट कंपनी में काम करता है। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। प्रसूता का ससुर करिया यादव ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत कोतवाल गिरिजेश तिवारी ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।