- सलेमपुर देवरिया मुख्य मार्ग पर रामपुर मोड़ के पास गुमटी के पीछे खून से लथपथ प्रधान के बेटे का मिला था शव
- प्रधान की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज है हत्या का मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। रामपुर बुजुर्ग मोड़ के पास खून से लथपथ एक ग्राम प्रधान के बेटे का शव मिला था। जिसके बाद ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया था। प्रधान की तहरीर पर पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच में जुट गई। बुधवार देर शाम घटनास्थल के बगल में लगे सीसी फुटेज की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर पर चोट लगने और घसीटे जाने की वजह से मौत की बात सामने आई है। हालांकि प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के महदहां गांव के जय नारायण यादव ग्राम प्रधान हैं। बुधवार भोर में उनका बेटा मंटू यादव घर से टहलने के लिए निकला था। सुबह करीब नौ बजे गांव के बाहर सलेमपुर देवरिया मुख्य मार्ग पर रामपुर मोड़ के पास एक गुमटी के पीछे उसका शव देखा गया। जिसके बाद ग्रामीण हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। प्रधान की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई। बुधवार की देर शाम घटनास्थल के बगल में लगे एक शोरूम में सीसी फुटेज से कोतवाली पुलिस को एक अहम सुराग मिला। सीसी फुटेज में देखा गया कि भोर में 4:35 पर सलेमपुर देवरिया मुख्य मार्ग पर एक युवक सड़क पर दौड़ते हुए जा रहा है। उसके पीछे से तेज रफ्तार की एक पिकअप आकर उसे टक्कर मार देती है। दूसरे साइड से एक चार पहिया वाहन भी क्राॅस कर रही है, लेकिन घटनास्थल पर दोनों वाहनों में से कोई रुका नहीं। जिससे पुलिस संदेह जता रही है कि प्रधान के बेटे का हत्या नहीं सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। जबकि प्रधान का कहना है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। फिलहाल कोतवाली पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर घटना की जांच में जुटी हुई है। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि प्रधान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसी फुटेज को देखने से सड़क दुर्घटना में प्रधान के बेटे की मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर पर चोट से मरने की पुष्टि हुई है। वैसे इस मामले की जांच की जा रही है। .
इंसेट -
सड़क दुर्घटना में हुई है मौत तो गुमटी के पीछे कैसे पहुंचा शव
सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर मोड़ के पास स्थित एक गुमटी के पीछे मिले प्रधान के बेटे के शव को लेकर क्षेत्र के लोग कई तरह से सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर प्रधान के बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है तो वह सलेमपुर- देवरिया मुख्य मार्ग किनारे स्थित गुमटी के पीछे कैसे चला गया। आखिर उसके ऊपर बांस और बल्ली किसने रखा। यह संदेह का विषय है। इसकी जांच होनी चाहिए।
......
पूरे दिन सीसी फुटेज खंगालती रही पुलिस
सलेमपुर। घटनास्थल के बगल में लगे सीसी टीवी फुटेज में कुछ तस्वीर साफ होने के बाद कोतवाली पुलिस घटनास्थल के ईद-गिर्द लगे सीसी फुटेज को बृहस्पतिवार की देर शाम तक खंगालती रही। पुलिस पिकअप की तलाश के लिए क्षेत्र के तमाम जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखती रही, लेकिन अभी तक पिकअप का पता नहीं लग सका है।